कैथल। जिले के गांव सांपन खेड़ी में 20 एकड़ में बनने वाले भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज का निर्माण सितंबर से शुरू हो सकता है। इसके निर्माण के लिए अब 25 अगस्त को दूसरा टेंडर खुलेगा। 265 करोड़ का टेंडर खुलने के बाद अब 615 करोड़ रुपये का टेंडर खुलना है। इसके लिए 24 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए कोलकाता की ब्रिज एंड रूफ कंपनी ने पहले यह टेंडर लिया है। इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण 977 करोड़ रुपये की लागत से होना है। सरकार ने 265 और 350 करोड़ रुपये के दो टेंडर लगा दिए हैं, जबकि 615 करोड़ रुपये एक टेंडर अभी जारी होना बाकी है। मेडिकल कॉलेज का अलग से अस्पताल बनने से जिले के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस संबंध में कैथल के विधायक लीला राम ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए दो टेंडर पहले ही लग चुके हैं। अब अंतिम टेंडर 25 अगस्त को खुलेगा। मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने के बाद शहर ही नहीं, बल्कि जिले के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
डॉक्टरों की कमी से हो रही परेशानी
नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समय 200 बेड के जिला नागरिक अस्पताल में 56 पद डॉक्टरों के स्वीकृत हैं। इनमें महज 28 ही कार्यरत हैं। मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू होने के बाद डॉक्टरों की कमी दूर होगी। यहां पर दाखिला लेने वाले विद्यार्थी सामान्य अस्पताल में अभ्यास कर सकेंगे। इससे मरीजों को फायदा मिलेगा। मेडिकल कॉलेज में अस्पताल ब्लॉक व मेडिकल कॉलेज का शैक्षणित ब्लॉक अलग-अलग बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि 2020 में मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल कैथल व सिरसा में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। इसके बाद वर्ष 2022 की सितंबर में आयोजित रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 997 का बजट जारी करने की घोषणा की थी। करीब तीन साल पहले वर्ष 2021 में सांपन खेड़ी गांव की पंचायत ने जमीन सरकार को दे दी थी।