संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरुद्ध कांग्रेसियों ने शुक्रवार को रोष मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान रेहड़ी पर सिलिंडर रखकर सरकार की नीतियों के खिलाफ गुस्सा दिखाते हुए
जमकर नारेबाजी की। बाद में जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया।
जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड की अध्यक्षता में कांग्रेसियों ने हरियाणा शहीद स्मारक पर धरना दिया। इसके बाद जिला सचिवालय तक मार्च निकालाकर पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में बढ़ोतरी का विरोध जताया। प्रदर्शन में मुख्यातिथि के तौर पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा की सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, मजदूर, युवाओं को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि दुखद यह है कि हरियाणा के स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी राज्यों के युवाओं को यहां नौकरियां दी जा रही हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सरकार पर तीखा हमला बोला। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने 2014 से 2025 तक पेट्रोल-डीजल से 43 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। उन्होंने कहा कि मात्र 8 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 3.90 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी की गई है। 15 मई को 3 रुपये और 19 मई को 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल के दाम 99.37 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 91.86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपये के पार चला गया है।
राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेेने के लिए सरकार को निर्देश देने की बात कही गई है। राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा की जनता को महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के अंधकार में धकेल दिया है। हरियाणा के स्थानीय युवाओं को नौकरियां न देकर बाहरी राज्यों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई के खिलाफ जनता के साथ खड़ी है और यह संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक जसबीर मलौर, पूर्व संसदीय सचिव सुल्तान जड़ौला, नरेश ढाँडे, सुदीप सुरजेवाला, डॉ. रामेश्वर फौजी नीमवाला, रामनिवास मित्तल, अश्विनी शोरेवाला, सुरेंद्र रांझा, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद, पीएल भारद्वाज, सुनील कुंडू रोहेड़ा, बृजपाल राणा, रणबीर मदूद, सोनू सेठ मौजूद रहे।
रेहड़ी पर सिलेंडर रख कर प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता।