संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष व सांसद नायब सैनी शुक्रवार को अचानक पार्टी के जिला कार्यालय कपिल कमल में पहुंचे। यहां पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल खोखली बातें करने में माहिर है, लोगों को प्रलोभन देकर उनका वोट बटोरने का कार्य कांग्रेस की तरफ से किया जाता है, लेकिन भाजपा धरातल पर जनता को योजनाओं का लाभ देने का कार्य करतीं है।
उन्होंने जनता ने कांग्रेस को एक बार समय न देकर, बल्कि पूरे 55 साल तक लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया। जब भी चुनाव आया, तभी ही कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया। तब से गरीब ने कांग्रेस को वोट देकर अपने आप को ठगा सा महसूस किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा, उसे धरातल पर उतारने का कार्य किया। कांग्रेस अब बौखला गई है। विपक्ष कुछ भी न करने का राग अलाप रहा है, अब उनके पेट में दर्द होने लगा है क्योंकि केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों व सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन को लगातार मिल रहा है।
इस मौके पर उन्होंने आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका निपटारा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा न केवल भारत विकसित संकल्प यात्रा निकाल रही है बल्कि आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।
गठबंधन सरकार की नीतियों को सुरजेवाला ने कोसा
कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बयान जारी कर केंद्र व प्रदेश की गठबंधन सरकार पर कड़ा हमला बोला है। सरकारी नीतियों को कोसा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की गठबंधन सरकार किसान, नौकरीपेशा व मध्यमवर्ग के लोगों के लिए से विरोधी सरकार साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) 19 महीने में 29 प्रतिशत सस्ता होने के बाद भी जनता को कोई राहत नहीं मिल रही। लगातार तीन तिमाही में ही तेल कंपनियों का लगभग 2,12,000 करोड़ रुपये मुनाफा हो चुका है। उन्होंने कहा िक कच्चे तेल का दाम 109 डालर प्रति बैरल से गिरकर 77 डालर प्रति बैरल तक सस्ता हुआ है परंतु पेट्रोल व डीजल के दाम में राहत नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व तेल कंपनियों को पेट्रोल पर प्रति लीटर 10 रुपये और डीजल पर प्रति लीटर चार रुपये का मुनाफा हो रहा है, लेकिन जनता को महंगाई से राहत के नाम पर कुछ भी नसीब नहीं हुआ है। सुरजेवाला ने पीएम किसान योजना में लाभार्थियों की संख्या कम होने पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। सुरजेवाला ने केंद्र सरकार से जवाब मांगते हुए पूछा कि प्रधानमंत्री किसान योजना में 2.35 करोड़ किसान एक साल में कम कैसे हो गए। इसका जवाब जनता जानना चाहती है। संवाद