कलायत। कलायत में कुल 2 लाख 15 हजार 155 मतदाता हैं। सीट के लिए 74 प्रतिशत मतदान के तहत कुल एक लाख 59 हजार 169 मत पोल हुए। कुल मतदान का 29.9 प्रतिशत मत कांग्रेस के विकास सहारण और 21.6 प्रतिशत भाजपा नेे हासिल किए। भाजपा से अधिक भाजपा व कांग्रेस के बागी दोनों प्रत्याशियों ने कुल मतदान का 25 प्रतिशत हासिल कर भाजपा की लुटिया डूबो दी। किसी समय में देवी लाल व ओमप्रकाश चौटाला का अभेद्य गढ़ रहे कलायत क्षेत्र में इनेलो प्रत्याशी रामपाल माजरा की हालत सबसे बुरी रही है।
उन्होंने कुल मतदान का केवल 11.5 प्रतिशत हासिल करते हुए 18706 मतों पर ही सब्र करना पड़ा। अखबारी नेता व आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने परिवारवाद के नाम पर अपने पंजों से खूब धूल उड़ाई पर मतदाताओं ने उन्हें केवल 3.4 प्रतिशत मतों पर समेट दिया। इन सबसे बुरा हाल जेजेपी का रहा। 2019 के चुनाव में 37 हजार 425 मत हासिल करने वाली जजपा को इस बार केवल 2135 मत ही हासिल हुए। उनसे अधिक मत तो निर्दलीय आशीष कुमार रसीला ने हासिल किए हैं।