संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। हलका गुहला के सिख समाज, सिख जत्थेबंदियां व राजनीतिक पार्टी के नुमाइंदों की एक बैठक गुरुद्वारा पातशाही छठी व नौवीं चीका में बुलाई गई। समाज के अनुरूप राजनीति हिस्सेदारी के लिए सिख समाज ने यहां 28 को सम्मेलन का निर्णय लिया है।
बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश की सभी राजनीतिक पार्टियों की ओर से सिख समाज की राजनीति में की जा रही अनदेखी के संदर्भ में था। बैठक में मौजूद रहे सिख आगू बलराज सिंह पोलड, तेजेंद्र सिंह हिम्मतपुरा, गुरमीत सिंह खालसा ने बताया कि प्रदेश में सिख समुदाय के 18 लाख से भी ज्यादा वोट है। आरोप लगाते हुए उन्होंेने कहा कि इसके बावजूद सिख समाज को राजनीतिक पार्टियां उचित प्रतिनिधित्व नहीं देतीं।
उन्होंने कहा कि 36 विधान सभा क्षेत्र तो ऐसे है जहां सिख समुदाय ही किसी भी उम्मीदवार की हार जीत तय करता है। बावजूद इसके सिख समुदाय को तवज्जो न देना ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर आने वाली 28 जुलाई को गुरुद्वारा 6 वीं व 9 वीं पातशाही चीका में सिख समाज का एक सम्मेलन बुलाया गया है। इस सम्मेलन में सिख समाज की राजनीति में भूमिका व उनकी हिस्सेदारी को लेकर विचार किया जाएगा व राजनैतिक पार्टियों को सिख समाज की भावनाओं से अवगत करवाया जाएगा।
बैठक में गजब सिंह गोबिदपुरा, मेजर सिंह गुहला, अमरेंद्र सिंह नागल, जगतार गिल, मेजर खरकां, गुरविंद्र सिंह पोलड़ भी मौजूद रहे।