कलायत। शहर के रेलवे रोड पर हलवाई की दुकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस दौरान दुकान के सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया गया और ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। दुकान संचालक शैंकी ने बताया कि 28 मई को दुकान के पास रहने वाले एक युवक ने उनकी दुकान पर हमला कर काउंटर के शीशे तोड़ दिए थे। यह घटना दूसरी बार हुई है। पहले भी आरोपियों ने तोड़फोड़ की थी।
पहले इस मामले में स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से समझौता हो गया था, लेकिन फिर से उसी युवक ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। दुकानदार बिरहमपाल राणा और राजेश कुमार शैंकी ने बताया कि चौक के पास कई अवैध शराब और मीट की दुकानें खुली हैं। यहां नशेड़ी अक्सर घूमते रहते हैं और वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने अवैध शराब की दुकानों पर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चौक के पास अवैध शराब की दुकानें मिलीं तो तुरंत बंद करवाई जाएंगी। संवाद