कैथल। लगातार विकसित हो रहे शहर को फिलहाल जाम की समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है। शहर के तंग बाजारों में बड़े वाहनों की बेरोकटोक एंट्री से जाम की समस्या आम हो गई है।
प्रशासन द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स उखाड़ दिए गए हैं, तंग गलियों में भी बड़े वाहनों के फंस जाने से कई बार तो घंटों जाम लगा रहता है। इस ओर इस समय अधिकारियों को कोई ध्यान नहीं है।
यहां-यहां लगता है जाम
शहर में मेन बाजार, कमेटी चौक, भगत सिंह चौक, कबूतर चौक, सब्जी मंडी के आसपास के इलाकों में बड़े वाहनों के कारण लगभग पूरा दिन जाम की स्थिति रहती है। पिहोवा चौक, ओवरब्रिज, छात्रावास रोड, जींद रोड, पुराना बस स्टैंड और अंबाला रोड पर भी पूरा दिन जाम लगा रहता है। पुलिस के आदेशानुसार शहर के मुख्य बाजारों में सुबह आठ बजे से लेकर रात्रि आठ बजे बड़े वाहनों अंदर आने पर पूरी तरह से पाबंदी है, लेकिन बाजारों में बड़े वाहनों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है। शहर में पिछले एक सप्ताह से लगातार बड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है।
शहर में लगता है प्रतिदिन जाम
शहर वासी अशोक कुमार, प्रदीप शर्मा, रामनिवास, यनित कुमार, अनुज कुमार, बिट्टू तंबर, पुनीत कुमार, निखिल शर्मा, रजत कुमार, ललित गुप्ता, मनोज गुप्ता, महेश कुमार, महक शर्मा और पूजा शर्मा ने बताया कि शहर के पिहोवा चौक, पुराने बस स्टैंड, छात्रावास रोड, अंबाला रोड, सर्राफा बाजार और तलाई बाजार में बड़े वाहनों के अंदर जाने के कारण घंटों का जाम लगता है।
बाजार में पहले पोल के बेरिकेड्स लगाए गए थे, लेकिन अब उनका कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने बताया करीब एक वर्ष पहले जिला पुलिस अधीक्षक ने शहर में दिन के समय बड़े वाहन अंदर आने पर रोक लगाई थी। इस वजह से शहर को जाम से काफी हद तक मुक्ति मिल गई थी, लेकिन पिछले करीब तीन महीने से शहर में लगातार दिन के समय जाम लगता है। पुराने बस स्टैंड व पिहोवा चौक, ओवरब्रिज के पास कोई ऐसा दिन नहीं जाता, जब दिन में एक घंटे का जाम नहीं लगता हो।
कई बार ज्ञापन दिए हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं
सब्जी मंडी के पास सहित आसपास के चौकों में तो इतनी बुरी हालत है कि 50 फुट की सड़क दस फुट चौड़ी रह जाती है। समाजसेवी सतपाल गुप्ता ने कहा कि इस बारे में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। मानव सेवा समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने कहा कि जाखौली अड्डा, पुराना बस अड्डा, भगत सिंह चौक, कबूतर चौक, सब्जी मंडी के आसपास का इलाका समस्या से बुरी तरह से त्रस्त है।
कोट
बड़े वाहनों का सुबह आठ से लेकर रात्रि आठ बजे तक शहर के अंदर आना मना है। अगर बड़े वाहनो के कारण जाम लग रहा है तो शहर के सभी नाकों में स्थित पुलिस कर्मियों को बड़े वाहनों के अंदर न आने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। अगर कोई वाहन शहर के अंदर मिला तो उसका चालान किया जाएगा।
-रमेश कुमार, इंचार्ज, जिला यातायात पुलिस।