एसएमसी की बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन व स्टाफ सदस्य। विज्ञप्ति
राजौंद। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली में वीरवार को प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन ने शिक्षकों को बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों की अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आगामी 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करवाया जाए और समय-समय पर लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएं। उन्होंने शिक्षकों व एसएमसी सदस्यों से विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विभाग से प्राप्त बजट का विवरण प्रस्तुत किया गया और विभिन्न मदों में राशि खर्च करने के प्रस्ताव पारित किए गए। विद्यालय में सामान की खरीद व उसकी गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष कमेटी का गठन भी किया गया। संदीप नैन ने एसएमसी सदस्यों को उनके कर्तव्यों व अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, शौचालयों और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया व व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान शमशेर सिंह, पूजा रानी, सोमवती, परमजीत, सुभाष चंद, दलबीर सिंह, ऋषिपाल, निर्मला देवी उपस्थित रहे।
एसएमसी की बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन व स्टाफ सदस्य। विज्ञप्ति