अपने कार्यालय में समस्याएं सुनते एसडीएम।
गुहला-चीका। एसडीएम कार्यालय में सोमवार को समाधान शिविर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम मनीष कुमार यादव ने की। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कई व्यक्ति अपनी शिकायत व समस्या लेकर पहुंचे। एसडीएम ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुन, संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द समाधान करने के निर्देश जारी किए। समाधान शिविर में मुख्यतः शिकायतें आधार कार्ड में त्रुटियां, पेंशन कटने और कुछ शिकायतें फसल पंजीकरण न होने से संबंधित रहीं।
इसके अलावा एसडीएम ने सचिव नगर पालिका को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में अतिक्रमण न होने दें। विशेषकर शिक्षण संस्थानों के सामने किए जा रहे अतिक्रमण को जल्द हटवाएं। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से सुनें। आमजन की शिकायत का उचित निष्कर्ष निकालें और उनको सही जानकारी प्रदान करें। कोई भी शिकायत पोर्टल पर लंबित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय में समय पर आना सुनिश्चित करें। किसी भी समय किसी भी कार्यालय का निरीक्षण किया जा सकता है। कार्यालय रिकार्ड को दुरुस्त रखें। एसडीएम ने कहा कि यह समाधान शिविर एसडीएम कार्यालय में प्रत्येक कार्य दिवस में सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार राहुल डोगरा, सचिव नगर पालिका पवन कौशिक, एसडीओ कंचन शर्मा, एसईपीओ चंचल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।