लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में शिकायतें सुनती डीसी।
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अपराजिता ने लोगों की शिकायतें सुनीं। जनकपुरी काॅलोनी वार्ड नंबर 13 निवासी प्रताप ने गली का लेवल और कार्य गुणवत्ता की जांच करने के बारे में शिकायत की। डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
गांव डीग के सतबीर ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके टयूबवेल पर केबल लगवाई जानी है। इस पर डीसी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमानुसार ट्यूबवेल पर केबल लगवाएं और समस्या का निपटान करवाएं। इसके अलावा कुकरकंडा निवासी कुलदीप ने गांव से लगती सड़क पर बने गहरे गड्डे को दुरुस्त करवाने की समस्या रखी। शिविर में आई सीवरेज, टयूबवेल पर केबल लगवाने, सड़क दुरुस्तीकरण, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए।
ये भी आईं शिकायतें
कैथल के वार्ड नंबर -13 निवासी संजय ने डी-प्लान के माध्यम से करवाए गए कार्य की जांच, पट्टी गादड़ निवासी कृष्णा देवी ने गलत इंतकाल को सही करवाने, चिराग भारद्वाज की ओर से एनएसपी पोर्टल का दुरुस्तीकरण, कैथल राजेंद्रा सेठ काॅलोनी निवासी हरपाल सिंह ने राजस्व संबंधित समस्या, रूट डायवर्ट करने, किठाना निवासी फकीर चंद की ओर से प्राण देवता पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ देने, बिजली से संबंधित समस्या के अलावा अनेक समस्याओं के लिए नागरिकों ने डीसी अपराजिता के समक्ष शिकायतें रखीं। इस पर डीसी अपराजिता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निपटान करना सुनिश्चित करें।
-
डीसी अपराजिता ने कहा कि समस्या के समाधान में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें। शिकायतों को बिना उचित कारण लंबित रखने या कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।