चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय फतेहपुर-पूंडरी में बुधवार को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत कालेज की प्राचार्या डा. उषा तुरान ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर छात्राओं को संबोधित करते हुए डा. तुरान ने कहा प्रतिभा खोज के माध्यम से उन्हें एक ऐसा मंच मिल जाता है, जिसके जरिये वे अपने अंदर छिपी प्रतिभा को बाहर ला सकती है। उन्होंने मंच पर अपनी प्रस्तुति देने वाली सभी छात्राओं की सराहना की। कहा मंच पर आकर अपनी प्रस्तुति देना भी कोई आसान कार्य नहीं है। इसके लिए वे सभी छात्राएं बधाई की पात्र है। कार्यक्रम संयोजिका प्रवीण चौधरी ने प्राचार्या का आभार जताते हुए सभी छात्राओं को मंच पर आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डा.संतोष देवी, आशु, साक्षी, नताशा, विवेका मैहला व सह संयोजिका वंदना हुड्डा ने विशेष सहयोग दिया।
ये रहे परिणाम-
भाषण प्रतियोगिता में रोमन प्रथम, पूजा द्वितीय व विजेता ने तीसरा स्थान हासिल किया। कविता पाठ में तमन्ना प्रथम, इंदु द्वितीय तथा रीमा व पारूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। मिमिक्री में पूजा तथा गायन में गुरप्रीत व पारूल वालिया प्रथम स्थान पर रही। प्रियंका व अंजु द्वितीय स्थान पर व हर्षदीप ओर परनीका ने तीसरा स्थान हासिल किया। चित्रकारी में ज्योति ने प्रथम, पूजा ने दूसरा तथा हाशिमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा रंगोली में नेहा ने प्रथम व नीलम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को प्रधानाचार्या द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।