टीवी पर लुभावने विज्ञापन दिखा कर उपभोक्ताओं को ठगने का मामला उजागर हुआ है। कलायत थाना में दी अपनी शिकायत में कलायत निवासी बलजीत सिंह नायक ने शिकायत की िक उन्होंने टीवी पर विज्ञापन देख कर दो रजाईयों का आर्डर किया था। नापतोल कंपनी द्वारा विज्ञापन में तत्काल आर्डर देने पर लुभावने सपने भी दिखाए जा रहे थे। उन्होंने विज्ञापन के झांसे में आकर नापतोल द्वारा दिखाए जा रहे मोबाइल नंबर पर यह कह कर आर्डर दिया कि यदि रजाईयां ठीक नहीं हुई तो वे उन्हें लेंगे नहीं।
उन्होंने कहा कि वे 14 जनवरी को किसी काम से बाहर गए हुए थे तथा कंपनी प्रतिनिधि उनकी पत्नि को दोनों रजाइयां थमा कह गया कि आर्डर दिया है तो रजाइयां लेनी ही पड़ेंगी। कंपनी प्रतिनिधि उनकी पत्नि से जबरदस्ती 1900 रुपये लेकर घटिया किस्म की रजाईयां थमा कर चलता बना। घर आने के बाद उन्होंने जब पैकेट खोल कर देखा तो दोनों ही रजाइयों में वजन दो किलो से भी कम है।
उन्होंने पैकेट देख कर कंपनी के मोबाइल पर फोन किया तो उन्होंने कोई गौर ही नहीं किया। नायक का कहना था कि नापतोल कंपनी द्वारा टीवी पर लुभावने विज्ञापन देकर लोगों को ठगने में लगे हैं। नायक की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलायत पुलिस ने कंपनी से संपर्क कर कलायत बुलाया। कंपनी प्रतिनिधि ने कलायत थाना में पहुंच कर अपना पक्ष रखा। थाना परिसर में चली लंबी पंचायत में उन्होंने अपनी गलती मानते हुए क्षमा मांगी व रजाइयों के पैसे वापस लौटा दिए। नायक ने कहा कि लोग ऐसे भ्रामक विज्ञापनों के चक्कर में आकर अपना पैसा बर्बाद कर रहे हैं तथा विज्ञापन देने वाली कंपनियां लोगों को बरगला कर चांदी कूट रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रामक प्रचार कर लोगों को लूटने वाली कंपनियों पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए।