कैथल। पांच अक्तूबर को जिले की चार विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। जिला प्रशासन आचार संहिता का पालन करने के प्रति सजग है। राजनैतिक पार्टियों से जुड़े लोगों के अलावा आमजन को भी 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर चलने पर रोक है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने दी है।
उन्होंने कहा कि इससे अधिक राशि पाए जाने पर इससे जुड़ा दस्तावेज दिखाना जरूरी होगा। इसलिए आमजन से अपील की जाती है कि वे 50 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर आवागमन करने से परहेज करें। बताया कि जिला में आचार संहिता का पालन करने के लिए एसएसटी की 13 टीमें, एफएसटी की 12 टीमें बनाई गई हैं। वह किसी भी वाहन को कहीं पर भी रोककर जांच कर सकती है। शक होने पर वाहन की तलाशी भी लेगी।
स्टेटिक सर्विलांस टीम के मांगने पर पकड़े गए धन से जुड़े दस्तावेज न
दिखा पाने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। संवाद