संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जमीन विवाद के चलते गांव कैलरम में एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उसकी पत्नी ने गांव के ही नौ लोगों पर उसके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव कैलरम निवासी अनिता ने कलायत थाना में शिकायत दी कि उनकी गांव में करीब एक एकड़ जमीन है। इस जमीन को लेकर उसके 52 वर्षीय पति का बलबीर, बीरमती, मोनू, ओमप्रकाश, मोहित, राजा, कमला, संजू और जोगी राम के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। अनिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी उनकी जमीन को कब्जाने के प्रयास में थे और उसके पति को बार-बार प्रताड़ित कर रहे थे।
अनिता का आरोप है कि इन आरोपियों से परेशान होकर चार सितंबर को सुबह उसके पति ने घर पर ही फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आरोपियों ने उसके पति को ऐसा करने पर मजबूर किया है।
थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।