आढ़ती बकाया भुगतान को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए। संवाद
बराड़ा। धान खरीद सीजन के दो महीने बाद भी आढ़तियों का लगभग 350 करोड़ रुपये का कमीशन व अन्य भुगतान अब तक जारी नहीं किया गया। इसे लेकर कच्चा आढ़ती एसोसिएशन बराड़ा की बैठक प्रधान कुंवरजीत सिंह विर्क की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें सरकार के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई गई। बैठक में आढ़तियों ने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि धान सीजन खत्म होने के 15 दिन के भीतर सभी आढ़तियों को कमीशन का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन हकीकत में अब तक एक पैसा भी नहीं मिला। आढ़ती एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि रुके हुए कमीशन और अन्य बकायों का भुगतान तुरंत किया जाए और देरी के कारण ब्याज भी दिया जाए। आढ़तियों ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने धान पर कमीशन को 20 प्रतिशत बढ़ाकर 55 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की थी, साथ ही गेहूं की कमी से हुए नुकसान की भरपाई का भी आश्वासन दिया गया था, लेकिन पुराने बकायों का भुगतान आज तक अटका हुआ है। बैठक में धर्मवीर राणा, साहिल खेत्रपाल, दिलबाग सिंह, पंकज बंसल, प्रमोद चौहान, ललित गोयल, हरविंदर सिंह व अन्य आढ़ती मौजूद रहे।
आढ़ती बकाया भुगतान को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए। संवाद