कैथल। होली नजदीक है और त्योहार पर बाजार सज गए हैं। रौनक देखने लायक है। दुकानों पर तरह-तरह रंग, गुलाल, पिचकारी बिक रही हैं। इसके साथ ही रंगों के त्योहार पर बनने वाले व्यंजनों की तैयारी भी जोरों पर है। रेडिमेड सामानों की भरमार भी दुकानों पर दिख रही है। ग्राहकों की आमद देखकर व्यापारियों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीद है अबकी जमकर रंग बरसेगा।
7 मार्च को होली व 8 मार्च को फाग का त्योहार है। इसके मद्देनजर बाजारों में रौनक बढ़ रही है। व्यापारियों ने भी होली की पूरी तैयारी कर ली है। बाजारों में जहां जगह जगह रंगो व पिचकारी की दुकानें सजी हुई है। होली पिचकारी के नए नए मॉडल बाजारों में दिखने लगे हैं। व्यापारियों कहना है कि बीते तीन वर्ष कोरोना कॉल के कारण होली का त्योहार फीका रहा लेकिन इस बार उत्साह चरम पर है। पहले जैसी रौनक फिर देखने को मिल रही है। ज्यादातर लोगों ने कहा कि अबकी जमकर होली खेलेंगे।
उधर, बाजारों में पिचकारी के जैसे नए मॉडल आए वही वैसे ही बिक्री भी बढ़ी है। रंगो वह गुलाल की बिक्री में भी इजाफा देखने को मिला है। होली पर व्यंजनों की भी काफी डिमांड रहती है।
डीजे व होटलों की बुकिंग
डीजे संचालक संजय कुमार ने बताया कि होली पर्व मनाने के लिए लोग गांव व शहरों में डीजे की बुकिंग कर रहे हैं। वहीं शांतिपूर्वक होली खेलने के लिए होटलों को भी बुकिंग करवा रहे हैं। जिले में लगभग 30 होटलों में बुकिंग हो चुकी है। लोगों का मानना है कि होटलों में एक शांतिपूर्वक तरीके से होली खेल सकते हैं।
रंगने के लिए इंग्लिश कलर भी हैं उपलब्ध
दुकानदार राकेश गर्ग ने बताया कि इस बार बाजार में इंग्लिश रंग भी आए हुए है। ये रंग 12 प्रकार के हैं। एक पैकेट में 100 ग्राम रंग है। यह अन्य कलरों से बिल्कुल विभिन्न है। बेबी पिंक, सैंडल वूड, सीग्रीन, क्यूवा ब्ल्यू, लैमन यैलो कलर होते हैं। इंग्लिस कलर का यह पैकेट 20 रुपये से लेकर 50 रुपये तक हैं। यह मार्केट में पहली बार ही आया है। बच्चों के लिए मैजिक गिलास भी आए हुए हैं। इनकी खासियत है कि बच्चे पानी डालते हैं तो इसमें अपने आप ही कलर में बदल जाता है।
दुकानदार राकेश गर्ग ने बताया कि वह होली पर्व पर अंबाला, दिल्ली, पानीपत सहित अन्य बड़े शहरों से रंग व पिचकारियां लेकर आते हैं। इस बार मार्केट में कई नए आइटम आएं हैं। इसमें स्प्रे पंप 40 से लेकर 150 रुपये तक, टैंक वाली पिचकारी 150 से 800 तक, गन वाली पिचकारी 40 से लेकर 700 तक, सिंपल पाइप वाली पिचकारी 20 से 300 तक व चाइनीज बैलून 10 से 50 रुपये तक बिक रहे हैं। हर्बल गुलालों की भी मांग बढ़ी है। कई लोग फूलों की होली खेलने के लिए भी उत्साहित हैं।