ढांड। बिन बरसात बिना हवा के चहारदिवारी गिरने से युवा भाकियू प्रदेशाध्यक्ष राजीव आर्य ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है। रेलवे स्टेशन ढांड के पास बने मार्केटिंग बोर्ड के गोदामों की कुछ दिनों पूर्व बनाई गई चार दिवारी फिर गिर गई है।
आर्य ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड ढांड के गोदाम खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा अनाज भंडारण के लिए लीज पर लिए हुए हुए। सुरक्षा के लिहाज से गोदामों के चारों ओर दीवार बनाई हुई है, जो गत दिनों बारिश के मौसम में गिर गई थी। उसको मार्केटिंग बोर्ड ने नए सिरे से बनाया था। आर्य ने आरोप लगाया है कि इस दीवार के बनाने में घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग किया गया है। जिससे वह दीवार बनने के कुछ दिनों बाद ही गिर गई है।
आर्य ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच करवा कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर इस संबंध में मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ शमशेर ने बताया कि गोदाम की दीवार बनाने में अव्वल किस्म की सामग्री का प्रयोग किया गया था। इस दीवार को किसी अज्ञात ट्रक चालक द्वारा टक्कर मार कर गिराए जाने की बात सामने आई है। दीवार को फिर से बनवा दिया जाएगा। संवाद