संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बदल रहे मौसम के बीच नए साल के पहले दिन बुधवार को कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। शीतलहर चलने के कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। सुबह अधिक ठंड के चलते बाजार में दुकानें भी देरी से खुली। पूरा दिन दुकानदारों ने अलाव का सहारा लेकर सर्दी से अपना बचाव किया।
उधर, मौसम विभाग के मुताबिक तीन व चार जनवरी को फिर से बारिश हो सकती है। नए साल की शुरुआत हल्की धूप खिलने से होगी, लेकिन ठंडी हवा की वजह से गलन बढ़ेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 18.2 से 16.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के बीच बुधवार को साल के पहले दिन ही कलायत क्षेत्र में हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर गांव कैलरम के पास हादसा हुआ। इसमें एक की मौत और 15 लोग घायल हुए। कोहरे व धुंध के चलते वाहनों की गति बिल्कुल धीमी पड़ गई है। शीतलहर के चलते ठिठुरन और अधिक बढ़ गई। उधर, अस्पतालों में ठंड के चलते खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जो ओपीडी सामान्य दिनों में होती थी, अब सर्दी के मौसम के चलते वह दो गुना बढ़ गई है। छोटे बच्चों को भी सर्दी का वायरल बुखार, खांसी व जुकाम सता रहा है।
किसान राजेश रहेजा सीवन, धर्मपाल, रामफल, संदीप ने बताया कि गेहूं की फसल के अनुकूल मौसम है। पिछले सप्ताह ही हुई बारिश के बाद सीवन क्षेत्र में सब्जियों की फसल को नुकसान जरूर हुआ है। सभी सब्जियों मौसम के अनुसार अच्छा उत्पादन हो रहा है।
इस मौसम में कुछ दिन पहले हुई बारिश से सीवन क्षेत्र में उगाई गई पिछेती मटर, आलू और गोभी की फसल को नुकसान हुआ है। जबकि गेहूं और सरसों की फसलों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं है। आगामी एक सप्ताह तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। तीन और चार जनवरी को फिर से बारिश की संभावना बनेगी। -डॉ. रमेश वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक।