कलायत/राजौंद/पूंडरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नवीन जिंदल को वोट देने के लिए कलायत, राजौंद, पूंडरी और ढांड में रोड शो किए। उन्होंने इस दौरान कई स्थानों पर लोगों को संबोधित किया।
हुड्डा ने कहा कि नवीन जिंदल कर्मठ सांसद हैं। जो संसद ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ पहुंचकर भी अपने क्षेत्र की आवाज जोर-शोर से उठाते रहे हैं। उन्होंने कोई ऐसा मुद्दा नहीं छोड़ा, जो कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी न हो। बात्ता में मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि कलायत की नहरों में आज जो पानी आ रहा है, वह नवीन जिंदल की जिद के कारण संभव हुआ है।
उन्होंने आह्वान किया कि ‘जिंदल को जिताओ, हरियाणा में तीसरी बार सरकार मैं बनाकर दिखाऊंगा’। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गोहाना में जितनी घोषणाएं की गई थी, लगभग सभी पूरी की गई। चौसाला पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सासंद जिंदल जनता की भलाई के लिए राजनीति में आए हैं और टेलिमेडिसिन सेंटर समेत स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य देशभर में उदाहरण हैं।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने कहा कि चुनाव का समय है, कई लोग बहकाने आएंगे, लेकिन भ्रमित मत होना। संकल्प लेकर नवीन जिंदल को ही जिताएगा, क्योंकि उनमें ही वह जज्बा है जो कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र को विकसित बना सकता है। पूंडरी क्षेत्र में रोड शो पहुंचने पर मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जडौला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सही मायने में विकास पुरुष हैं।
उन्हें वोट दें। शो में कलायत से पूर्व विधायक मा. जोगीराम, मंडी प्रधान जयदीप राणा, अशोक रामगढ़, बॉबी मान, मोनू राणा, देवीप्रसन्न कमालपुर, ईश्वर कमालपुर, श्यामसिंह राणा, सुशील मित्तल, जयवीर खेड़ी शेर खां, अजमेर मटोर, चौ. डॉ. जगदेवा, रविंद्र सूर्यवंशी, डॉ. रूपराम, पवन नंबरदार, पवन कैलरम, सुभाष मटोर, पूर्णचंद्र शर्मा कैलरम और नगर पालिका के सभी पार्षद मौजूद थे।
वहीं, राजौंद में जिला परिषद सदस्य सतविंदर, पूंडरी में पूर्व विधायक दिनेश कौशिक, युवा कांग्रेस कांग्रेस नेता रवि मैहला, नगर पालिका प्रधान महावीर सिंह, उप-प्रधान सेवा सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भूप सिंह सैनी, ग्रामीण बैंक के निदेशक पीएल भारद्वाज, भाकियू नेता अजीत सिंह हाबड़ी, दर्शन खनौदा और भूषण म्यौली मौजूद थे।