संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के बलराज नगर में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक घी की फैक्ट्री में दबिश दी। इस दौरान टीम के सदस्यों ने रिफाइंड से घी तैयार करने वाले सामान के चार सैंपल लिए। इनको सील करने के बाद जांच के लिए लैब में भेजा गया।
जांच के दौरान फैक्ट्री में अग्निशमन यंत्र भी नहीं पाए गए। इस पर दमकल विभाग के अधिकारियों ने मलिक को नोटिस जारी किया और जल्द अग्निशमन यंत्र लगवाने के आदेश दिए। इस दौरान फैक्ट्री में सफाई व्यवस्था भी सही नहीं मिली। हालांकि दबिश के दौरान फर्म के मालिक के पास लाइसेंस मिला, लेकिन मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन चहल ने बताया कि सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। यदि सैंपल फेल मिलते हैं तो फर्म के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि फैक्ट्री में घटिया क्वालिटी का घी तैयार किया जा रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इस शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की टीम जांच के लिए पहुंची। घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। मामले में सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।