संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीएम फ्लाइंग ने शुक्रवार को खनौरी रोड स्थित एक पानी की टंकी बनाने वाली फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच विभागों की संयुक्त टीम—फायर सेफ्टी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, डीएफएएससी, डीटीपी और बिजली विभाग ने फैक्ट्री परिसर की गहन जांच पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में घरेलू व व्यवसायिक उपयोग के लगभग 50 एलपीजी सिलेंडर पाए गए, लेकिन मालिक कोई वैध एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी पीयूष गोयल और दमकल अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि मौके पर फायर सेफ्टी से संबंधित कोई भी सुरक्षा उपकरण नहीं मिला, और फैक्ट्री में कई प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। बताया गया कि यह कार्रवाई सीएम फ्लाइंग को मिली शिकायत के आधार पर की गई। जांच दल ने फैक्ट्री परिसर का पूरा निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को नियमों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।