कलायत। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता व जिला आबकारी एवं कराधान विभाग ने संयुक्त रूप से कलायत अनाज मंडी के पास अवैध रूप से शराब का अहाता पर छापामारी की। सीएम फ्लाइंग टीम के प्रभारी रवींद्र शर्मा ने बताया कि उनके पास गुप्त सूचना आई थी कलायत में रेलवे रोड अनाज मंडी के पास अहाते में अवैध रूप से शराब पिलाई जाती है। सूचना के बाद सीएम फ्लाइंग से निरीक्षक पवन कुमार व एक्साइज विभाग से राम प्रकाश की एक संयुक्त टीम बनाई गई।
शुक्रवार देर सायं पांच सितारा अहाते पर जब छापामारी की गई तो काउंटर पर गांव कोयल निवासी अनूप मिला। टीम ने जब अहाते में बने अलग-अलग केबिनों की जांच की तो मौके पर पांच व्यक्ति शराब पीते हुए मिले। आबकारी निरीक्षक राम प्रकाश ने अनूप से वहां शराब पिलाये जाने का लाइसेंस मांगा तो उसने न होने की बात कही। आबकारी निरीक्षक ने मौके पर स्थानीय पुलिस को बताया और अवैध रूप से वहां शराब पिलाने पर कार्रवाई की बात कही।
थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि गांव कोयल निवासी अनूप ने इस अहाते की बिल्डिंग को किराये पर लिया हुआ है। वह अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाता था। लाइसेंस व परमिट उसके पास नहीं मिला। पुलिस उपरोक्त के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।