फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम उड़नदस्ते ने छापा मारकर 394 ड्रमों से बरामद किया 79 हजार लीटर से ज्यादा तेल

विज्ञापन
विज्ञापन
देवीगढ़ रोड स्थित एक तेल के गोदाम में सीएम उड़नदस्ते ने सोमवार को छापामारी की। गोदाम में 79 हजार 100 लीटर ज्वलनशील तेल का भंडारण किया गया था। सीएम उड़नदस्ते की टीम मौके पर पहुंची तो वहां तेल के 394 ड्रम पाए गए। इन ड्रमों में तीन प्रकार का ज्वलनशील तेल भरा था। मौके पर दो गोदामों में मिनरल ऑयल, सल्फर निकला हुआ तेल व फ्यूल ऑयल का स्टॉक पाया गया। अवैध तरीके से रिहायशी क्षेत्र में स्टोर किए गए तेल में अगर आग जैसी घटना हो जाती तो आसपास के लोगों को भारी नुकसान होने का खतरा था। जांच में यह बात सामने आई कि स्टोर किए गए तेल को लोकल दुकानदारों व अन्य लोगों को 40-50 रुपये प्रति लीटर तक बेचा जा रहा था।
विज्ञापन

गुप्त सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग की टीम दोपहर में देवीगढ़ रोड स्थित गोदाम पर पहुंची। वहां टीम द्वारा पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक विभागीय टीमें कार्रवाई में जुटी रही। गोदाम के मालिक से पूछताछ करती रहीं। टीम द्वारा जांच के लिए तीनों प्रकार के तेल के दो-दो सैंपल भी लिए गए। जांच पड़ताल के बाद टीम ने तेल के गोदाम को बंद करवा दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सीएम उड़नदस्ते के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी।
वहीं फायर सेफ्टी अफसर गुरमेल सिंह ने बताया कि सीएम उड़नदस्ते की टीम ने उन्हें सूचना दी थी कि यहां दो गोदामों में अवैध रूप से तेल भंडारण किया गया है। यहां आकर जांच की गई तो गोदाम मालिक के पास फायर एनओसी नहीं पाई गई। दोनों में से किसी भी गोदाम में फायर फाइटिंग सिस्टम भी नहीं लगा था। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अनुमति होने के बाद भी तेल का भंडारण अंडरग्राउंड कूपों में किया जाता है। खुले में तेल रखना अवैध है। इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई है।
विज्ञापन

इस संबंध में गोदामों के मालिक विवेक कुमार का कहना है कि उनके पास जो भी तेल है, उसकी खरीद नियमों के अनुसार की गई है। उनके पास जीएसटी और अन्य प्रकार के सभी दस्तावेज हैं। आग से बचाव के लिए भी उन्होंने अपने स्तर पर सभी प्रबंध किए हुए हैं। दूसरी ओर सिविल लाइन थाना एसएचओ रमेश चंद ने बताया कि अवैध तरीके से तेल के भंडारण के बारे में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें