हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित क्लर्क भर्ती परीक्षा में तीन चरणों के कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षार्थियों को इंटरी दी गई। उन्हें रुपये-पैसे, आभूषण, पेन, कड़े, बेल्ट सहित कुछ भी अंदर नहीं ले जाने दिया गया। केंद्रो पर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सुबह के सत्र में साढ़े दस बजे शुरू होने वाली परीक्षा से पहले ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। इसके बाद सांय के सत्र में साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे तक लिखित परीक्षा का आयोजन हुआ।
कड़ी सुरक्षा के बीच से गुजरे परीक्षार्थी:-परीक्षा के लिए आए परीक्षार्थियों को पुलिस सहित वीडियोग्राफी की कड़ी सुरक्षा के बीच से गुजरना पड़ा। मेन गेट से लेकर परीक्षा के कमरे तक दो जगह तलाशी ली गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा परीक्षार्थियों से लोहें कड़ा, बेल्ट और यहां तक की रुपयों में सिक्कों तक को परीक्षा केंद्र से बाहर निकलवाया गया। कई छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र में देरी पर पहुंचने पर चैंकिग के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
परीक्षा देने आई कुरूक्षेत्र निवासी कनिका ने बताया कि परीक्षा देने आए परिक्षार्थियों की कड़ी तलाशी ली गई है। उन्होंने बताया कि महिला पुलिस कर्मचारी द्वारा महिला परिक्षार्थियों के सिर से रबड़ बैंड तक भी उतरवाए गए। इसके अलावा उनके द्वारा पहने हुए सोने व चांदी के आभूषणों को भी बाहर उतरवाया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में भी पांच जगहो पर हस्ताक्षर करवाए गए। जिससे किसी परिक्षार्थी के स्थान पर अन्य परिक्षार्थी के बैठने पर उसका पता चल सके।
वहीं कुरूक्षेत्र के ही निवासी चंद्रभान ने बताया कि सुरक्षा के हिसाब से पुलिस ने चैंकिंग पर पूरा जोर दिया। उसने बताया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों की जेब में रुपये तक निकलवा गए। उसने बताया कि वह कुरूक्षेत्र से बाईक से परीक्षा देने आया था। जिसकी चाबी भी उसे कॉलेज के पार्कमें छुपानी पड़ी।
चांदी के आभूषण छुपाने पड़े कौनों में, रुपये-पैसे बाहर ही लोगों को थमाने पड़े:-रोल नंबर स्लिप पर जारी हिदायतों को पढ़े बिना परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को अपने चांदी के आभूषण, कड़े व अन्य कीमती सामान परीक्षा केंद्रों के बाहर कौनों में छुपाना पड़ा। वहीं कुछ परीक्षार्थी रुपये-पैसे बाहर लोगों को थमाते हुए नजर आए।
47 प्रतिशत ने दी परीक्षा:-लिखित परीक्षा के लिए केवल 47 प्रतिशत परीक्षार्थी ही परीक्षा के लिए पहुंचे। एसडीएम मनदीप कौर को लिखित परीक्षा हेतू नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 15-15 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। दोनों सत्रों में 4200 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। आयोग द्वारा आगामी 20 एवं 27 नवंबर तथा 4 एवं 11 दिसंबर को लिपिक पद हेतू लिखित परीक्षा का आयोजन भी करवाया जाएगा।
एसडीएम ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जिला खजाना कार्यालय से समय पर प्रश्र पत्र के सील पैकेट अलाट किए गए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाए तथा परीक्षा की समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिका प्राप्त करके सील पैकेट में उपमंडल अधिकारी नागरिक कैथल के कार्यालय में जमा करवाई। तहसीलदार विकास सिंह, कलायत के तहसीलदार चंद्रमोहन, गुहला के तहसीलदार विजय मोहन सयाल, पूंडरी की तहसीलदार सुदेश कुमारी, पूंडरी के नायब तहसीलदार प्रकाश चंद, सीवन के नायब तहसीलदार सुरेश, ढांड के नायब तहसीलदार नवनीत कुमार, कलायत के नायब तहसीलदार भजन दास एवं राजौंद के नायब तहसीलदार राजबीर सिंह शामिल थे।