संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा शिक्षा विभाग द्वारा निपुण हरियाणा मिशन के तहत बालवाटिका-III से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षा तत्परता कार्यक्रम 13 अप्रैल से शुरू किया जाएगा, जो 23 मई तक राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में संचालित होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान को सुदृढ़ करना है। इसके तहत कक्षा-वार निर्धारित दक्षताओं के आधार पर बच्चों को हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषयों में मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों के मार्गदर्शन के लिए विभाग द्वारा एक विस्तृत मॉड्यूल तैयार किया गया है, जिसमें कक्षा-वार शिक्षण योजना, विभिन्न गतिविधियां और दक्षता-आधारित अभ्यास शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन ‘क्लासरूम रेडीनेस स्किल पासबुक’ के माध्यम से प्रत्येक दो सप्ताह में किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा में खेल-आधारित, आनंददायक और अनुभवात्मक शिक्षण पद्धति को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें शैक्षणिक भ्रमण, गतिविधि-आधारित शिक्षण, समूह चर्चा और दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी, जिससे विद्यार्थियों की सीखने में रुचि और सहभागिता बढ़ेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष ने बताया कि कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों, डाइट प्राचार्यों, शिक्षकों और मेंटर्स की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग, स्कूल विजिट, वर्चुअल मीटिंग और समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मई 2026 में कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे उनकी सीखने की प्रगति का आकलन कर आगे की शैक्षणिक रणनीति तैयार की जा सके।