संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 2025-26 में गणित ओलंपियाड की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए एनसीईआरटी नई दिल्ली के गणित विशेषज्ञ की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार एससीईआरटी गुरुग्राम में 20 से 22 मार्च तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्राध्यापक को दिया गया है। इसमें प्रदेश के 88 शिक्षकों में भाग लिया था।
जिले के चार शिक्षक पीजीटी गणित में भाग लेगें। यह चार मास्टर ट्रेनर जिले में अन्य शिक्षकों को गणित ओलंपियाड की तैयारी के लिए प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रत्येक राजकीय विद्यालय में प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को गणित ओलंपियाड की तैयारी करवाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बताया कि प्रशिक्षण में छात्रों को गणितीय समस्याओं, पहेलियां और चुनौतीपूर्ण सवालों को हल करने के तरीके सिखाए जाएंगे।
शिक्षकों को प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर की ओर से बताया जाएगा कि छात्रों को ओलंपियाड में किस प्रकार हिस्सा लेना है एवम छात्रों को मानसिक रूप से किस प्रकार तैयार करना है। अध्यापकों को गणित के प्रति सोच विकसित करने और हल करने के बेहतर तरीके भी सिखाए जाएंगे। इससे छात्र न केवल ओलंपियाड, बल्कि सामान्य पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इस तरह की प्रतियोगिता छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती है और जटिल समस्याओं को हल करने की क्षमता प्रदान करती है।
प्रश्न हल करने की तकनीक सिखाएंगे प्रशिक्षक : प्रशिक्षण प्राप्त चार शिक्षक डायट में अन्य गणित शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। यह प्रक्रिया राज्यभर के सरकारी स्कूलों में लागू होगी। इससे अधिक से अधिक शिक्षक ओलंपियाड के लिए छात्रों को तैयार करने में सक्षम होंगे। प्रशिक्षित शिक्षक बताएंगे कि छात्रों को कैसे तैयार किया जाए और कौन-सी रणनीति अपनाई जाए।
इसके बाद शिक्षक छात्रों को ओलंपियाड की तैयारी में मार्गदर्शन देंगे। वे गणितीय कौशल और समस्याओं के समाधान की तकनीक सिखाएंगे। इससे छात्र परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे और गणित में रुचि बढ़ेगी। राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की गणित ओलंपियाड की तैयारी के लिए अप्रैल के प्रथम सप्ताह मेें कक्षाएं शुरू होंगी।
अन्य को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी इन्हें मिली
अनिल कुमार पीजीटी मैथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरकड़ा
मुकेश कुमार पीजीटी मैथ
पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा कैथल
दीपक कौशिक पीजीटी मैथ राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलायत
अनिल कुमार पीजीटी मैथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डीग
प्रतियोगिता के विजेता को मिलेंगे एक लाख रुपये
विद्यार्थियों का रुझान गणित ओलंपियाड में बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार ने नकद पुरस्कार देने का फैसला किया है। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को एक लाख रुपये द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चौथे स्थान से 100वें स्थान तक रहने वाले सभी छात्रों को 10 हजार-हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
छात्रों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
शिक्षकों के मुताबिक गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता का महत्व लगातार बढ़ रहा है। यह छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है और जटिल समस्याओं को हल करने की क्षमता देता है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए बेहतर तैयारी होती है। विभाग का उद्देश्य है कि विद्यार्थी गणित ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। यह प्रशिक्षण शिविर शिक्षकों को नए कौशल देगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इससे वे भविष्य में अच्छे परिणाम हासिल कर सकेंगे।