संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कलायत के गांव क्लासर निवासी किसान पूजा आर्य नेट हाउस के माध्यम से खीरे की खेती कर लाखों रुपये कमा रही है। यही नहीं, महिला किसान पूजा ने खीरे की ऑर्गेनिक खेती करने के साथ अन्य कई महिलाओं को भी रोजगार दिया है। प्रगतिशील महिला
किसान पूजा आर्या ने बताया कि वह 12वीं कक्षा पास हैं।
उन्होंने वर्ष 2019 में खेती करनी शुरू की थी जबकि इससे पहले उसने कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लिया था। उसने अपने तीन एकड़ के खेत में पॉली हाउस लगवाकर यहां ड्रीप इरिगेशन के माध्यम से खीरे की खेती करनी शुरू की। इसके साथ दो एकड़ में पॉली हाउस लगाकर आर्गेनिक खीरे की खेती को बढ़ावा दिया। इस समय वह तीन एकड़ में अलग-अलग सी ग्रीन, मल्टी स्टार व बरकैट किस्म के आर्गेनिक खीरे लगाकर अपने व्यापार को बढ़ावा दे रही हैं। इस खीरे को वह हरियाणा सहित राजस्थान, पंजाब व अन्य विभिन्न राज्यों की मंडियों में बेचती हैं।
सर्दी हो या गर्मी, दोनों ऋतुओं में खीरे का उत्पादन कर रही हैं। पूजा आर्य ने बताया कि वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा कर अच्छी आमदनी कमाने की प्रेरणा से बेहद प्रभावित हुई। इससे उन्होंने अपने खेत में केंचुए की जैविक खाद तैयार करने और पानी की बचत करने के लिए अपने खेत में खीरे की फसल की सिंचाई ड्रिप सिस्टम से करना शुरू कर दिया।
पूजा ने बताया कि वह अपने खेत में खीरे के साथ साथ, खुली जैविक सब्जियों की खेती भी कर रही है। जिसकी बिजाई से लेकर खेत के सभी काम और फसल की मार्केटिंग तक वह खुद करती है। वह पुरुषों की तरह कसी से काम करती हैं और ट्रैक्टर चलाकर खेती का काम करती है। कई किसान हितैषी योजनाओं का पूरा लाभ उठाया है जिस से आज अच्छी आमदनी कमा बहुत खुश है। वह सरकार की सोलर योजना का लाभ उठाकर अपने खेत में सोलर सिस्टम भी लगवा रही हैं।