नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिविल सर्जन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. शैलेंद्र ममगाईं शैली ने अस्पताल की व्यवस्था, साफ सफाई व रिकार्ड चेक किए। उन्होंने सफाई को लेकर सफाई कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में डा. शैलेंद्र ममगाईं ने कहा कि उनका निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कोरोना की संभावित तीसरी से बचाव के लिए तैयारियां को पूरा करना है और जो भी कमी है उन्हें दूर करना है। इसके अलावा सीएचसी में साफ सफाई है या नहीं और कर्मचारी समय पर आते हैं या नहीं इसके लिए भी उन्होंने रिकार्ड चेक किया। उन्होंने कहा कि सीएचसी में साफ सफाई की जो भी कमी थी उसके लिए कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं भविष्य में इस तरह की कमी दोबारा देखने को न मिले। उन्होंने कहा कि अगर स्वच्छता है तो बीमारी होने की संभावना बहुत कम है। जहां स्वच्छता होगी वहां संक्रमण का अंदेशा कम रहेगा। इसके अलावा उन्होंने कोरोना को लेकर कहा कि सभी वैक्सीन अवश्य लगाएं मास्क व सामाजिक दूरी की पालना अवश्य करें। ताकि संक्रमण को बढऩे से रोका जा सके। स्टाफ की कमी को लेकर पूछे गए प्रश्न में सिविल सर्जन ने कहा कि स्टाफ की कमी को लेकर उचाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। इस दौरान उन्होंने एसएमओ डॉ. संदीप सिंह से अस्पताल में किसी तरह की कोई भी खामियों के बारे में भी पूछताछ की।