संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कायाकल्प अवार्ड 2025-26 में नागरिक अस्पताल कैथल को स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों पर सराहना श्रेणी में स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए अस्पताल को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग में कैथल को शीर्ष स्थान तो नहीं मिला, लेकिन बेहतर प्रदर्शन के चलते सराहना सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जींद, कुरुक्षेत्र समेत अन्य जिलों के साथ कैथल भी शामिल है।
कायाकल्प अवार्ड के तहत अस्पतालों का मूल्यांकन स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं और समग्र वातावरण के आधार पर किया गया। इन मानकों पर कैथल अस्पताल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सराहना श्रेणी में जगह बनाई।
करनाल नागरिक अस्पताल ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जिसे 50 लाख रुपये मिलेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस तरह की रैंकिंग से अस्पतालों में स्वच्छता और सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ती है।