संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधानसभा हरियाणा सचिवालय की गठित 10 सदस्यीय समिति ने वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करना है। इस निरीक्षण को लेकर जिला नागरिक अस्पताल में तैयारियां जोरों पर हैं। इन तैयारियों के तहत एक दिन पहले बुधवार को अस्पताल प्रबंधन जिला नागरिक अस्पताल में व्यवस्थाएं बनाने में जुटा रहा। बता दें कि इस टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक व अतिरिक्त मुख्य सचिव भी पहुंचेंगे।
इस टीम ने अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर जानकारी लेनी है। इस समिति के अध्यक्ष गुहला विधायक ईश्वर सिंह है और उनके साथ नौ अन्य विधायक शामिल हैं। यह समिति 21 सितंबर को सुबह 11 बजे लघु सचिवालय में पहुंचकर चिकित्सा संबंधित विषय पर अधिकारियों की बैठक लेगी। इसके बाद अस्पताल का निरीक्षण भी किया जाएगा। इस दौरान समिति के सभी विधायक व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, महानिदेशक, डीसी व अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे।