कैथल। जन्माष्टमी पर शनिवार को लोगों ने अपने बच्चों को बाल गोपाल और राधा के स्वरूप बनाए। इन मनमोहक स्वरूपों ने जन्माष्टमी पर्व को अद्भुत भक्ति और उल्लास से भर दिया। जिलेभर के मंदिरों और आयोजनों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। कहीं झांकियां निकाली गईं, कहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने माहौल को जीवंत कर दिया। बच्चों ने कृष्ण-राधा बनकर कार्यक्रमों में चार चांद लगाए। पूरा वातावरण जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।