ढांड। राजकीय उच्च विद्यालय जाजनपुर का हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत आने की खुशी में ग्रामीणों ने बच्चों को फूल मालाएं पहनाकर खुली जीप में बैठाकर गांव की हर गली- मोहल्ले में घुमाया। बच्चों की इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने जगह-जगह उनके सम्मान में जलपान समारोह कर बच्चों का हौसला बढ़ाया। मुख्याध्यापक शीशपाल ने बताया कि कक्षा 10वीं में कुल 24 बच्चों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 16 बच्चों ने मेरिट, आठ बच्चों ने प्रथम श्रेणी के साथ परीक्षा पास की। साक्षी स्कूल में प्रथम, प्रीती द्वितीय व निकिता तृतीय स्थान पर रही। सरपंच जोगिंद्र श्योकंद ने कहा कि गांव के सरकारी स्कूल का परीक्षा परिणाम जिले में सातवें नंबर पर रहा। संवाद