संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरोही आदर्श माध्यमिक विद्यालय ग्योंग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत भारतीय भाषा उत्सव मनाया। इसमें विद्यार्थियों ने भाषाई खेलों के माध्यम से नए-नए शब्द बनाए। छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी मातृभाषा में कहानियां सुनाई।
कक्षा सातवीं की छात्राओं ने पात्रों के मुखौटों का निर्माण करते हुए तीन दोस्त कहानी का मंचन भी किया। कक्षा नौवीं की छात्राओं जसप्रीत, अंजली, ज्योति, तमन्ना, निकिता, वंशिका आदि ने शब्दावली विकास के लिए नए-नए खेल भी तैयार किए। हिंदी भाषा प्रयोगशाला कक्ष में विद्यार्थियों को डिजिटल ई-बुक, माइंड मैपिंग तकनीकी विस्तार से बताया।
इससे पूर्व कार्यक्रम में हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार चावला ने बताया कि महाकवि सुब्रह्मण्य भारती की जयंती के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक भारतीय भाषा उत्सव मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में प्रधानाचार्य डॉ. मनीष सिंगला की अध्यक्षता में हिंदी भाषा प्रयोगशाला में एक भाषा मेला लगाया गया। सबसे पहले विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न नवाचारी गतिविधियों, खेलों, बूझो तो जानें पहेलियों के माध्यम से हिंदी भाषायी दक्षताओं के बारे में जाना। विद्यार्थियों ने डॉ. विजय चावला से खेलों से भाषा ज्ञान कैसे किया जा सकता है, के बारे में प्रश्न किए और अपने ज्ञान का विस्तार किया।
इस अवसर पर आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग करते हुए कक्षा छह से आठ विद्यार्थियों का भाषाई दक्षताओं का आंकलन भी किया गया। डिवाइस ने जैसे ही प्लिक्कर कार्ड्स को स्कैन किया स्क्रीन पर विद्यार्थियों का रिस्पांस स्वयं आ गए। विद्यार्थियों ने इस भाषा मेले का आनंद लिया। उनमें भाषा के उत्साह भी पैदा हुआ। इस अवसर पर हिंदी अध्यापक अश्वनी कुमार ने भी अपना योगदान दिया।