संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव सेरधा में एक कार चालक ने सडक़ पर बैठे 10 साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 13 वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
गांव शेरपुर बिहार निवासी महेश मांझी ने राजौंद थाना में शिकायत दी कि वह लक्ष्मी भट्ठा सेरधा पर दिहाड़ी करता है। नौ सितंबर को शाम करीब छह बजे उसके परिवार के सदस्य भट्ठे के पास सड़क के साथ बैठे थे। उनके बच्चे भी पास में खेल रहे थे। उसी समय पूंडरी की तरफ से आ रहे एक कार चालक ने कार की सीधी टक्कर सड़क के साथ बैठे उसके 10 वर्षीय दोहते धनंजय को टक्कर मार दी। कार चालक मौके से भाग गया।
वे घायल धनंजय को अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने धनंजय को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। चैकिंग के दौरान हाईवे पर लापरवाही व गलत लेन में वाहन चलाते पाए जाने पर 13 वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में सडक़ सुरक्षा के नियमों का पालन करने के संबंध में एसपी ने कड़े निर्देश दिए हैं। नेशनल हाइवे व स्टेट हाइवे पर सडक़ हादसों से होने वाले जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। हाईवे पर ज्यादातर हादसे भारी वाहनों की वजह से होते हैं।