संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद खेल प्रतियोगिता में विजेता टीम को मुख्यमंत्री पुरस्कार स्वरूप ट्रैक्टर देंगे। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने पार्टी के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र लोकसभा में सांसद खेल प्रतियोगिता शुरू की गई र्ह, जिसका सेमीफाइनल मैच 23 फरवरी को और फाइनल मैच 24 फरवरी को कैथल पुलिस लाइन में होगा।
नायब सैनी ने बताया कि 23 फरवरी को हरियाणा भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब स्पर्धा का शुभारंभ करेंगे व 24 फरवरी को प्रथम और द्वितीय स्थान पर आने वाले खिलाडिय़ों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल इंडो फार्म 55 हार्स पॉवर और 40 हॉर्स पॉवर का ट्रैक्टर इनाम में देंगे। इस दौरान उन्होंने जिला कोर कमेटी से खेल तैयारियों की समीक्षा भी की। नायब सैनी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पिछले साल भी कराई गई थी। उन्होंने कहा कि लोकसभा स्तर पर स्पर्धा को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है।
इस अवसर पर संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, कैथल जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, राव सुरेंद्र, राजपाल तंवर, सुभाष हजवाना, सुरेश राविश, तेजवीर सिंह, चेयरमैन हैफड कैलाश भगत, तुषार ढांडा, रवि तारावली, कुलवंत बाजीगर मौजूद रहे।
...तब हुड्डा ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की थी
स्वामीनाथन रिपोर्ट पर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए नायब सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा स्वामीनाथन आयोग के चेयरमैन थे। तब हुड्डा ने रिपोर्ट लागू नहीं की,बल्कि उसे डस्टबिन में डाल दिया। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों को समृद्ध करने का काम कर रही है। सरकार की तारीफ खुद स्वामीनाथन ने ट्वीट करके की थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि आंदोलन से कोई रास्ता निकलने वाला नहीं है। समस्या का समाधान बातचीत से ही निकलता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री लगातार किसानों से बातचीत कर रहे हैं। रास्ता रोकने से आम जनता को ही परेशानी होती है।