संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिले में खराब सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं। शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने ढांड में महाराजा अग्रसेन चौक से बिजली घर चौक तक, गुहला में बौपुर से पंजाब बॉर्डर तक, कैथल-करनाल रोड, कैथल शहर के सेक्टर 18, 19, 20 और 21 की सड़कें, नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों, अमरगढ़ गामड़ी व फ्रांसवाला रोड और पाई में पूंडरी-राजौंद रोड का उल्लेख करते हुए तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत संभव है, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए और जिनकी पुनर्निर्माण आवश्यकता है, उनके लिए टेंडर प्रक्रिया तुरंत पूरी की जाए। डीसी प्रीति ने बैठक में बताया कि मार्केटिंग बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, निकाय विभाग और एचएसवीपी के अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार वे स्वयं इन सभी सड़कों का निरीक्षण करेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बौपुर रोड की बरम का मरम्मत कार्य चल रहा है, फ्रांसवाला रोड की मरम्मत पूरी हो चुकी है और कैथल-करनाल रोड पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। शहर के सभी 31 वार्डों की सड़कों की रिपोर्ट तैयार है और आवश्यकता अनुसार जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मरम्मत शुरू कर दी जाएगी।
गुहला क्षेत्र में जलभराव के कारण जो सड़कें खराब हुई हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। इसके साथ ही सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि जो टेंडर लगाए जा रहे हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए और जिन सड़कों
के टेंडर अलॉट हो चुके हैं, उन पर तुरंत कार्य शुरू हो।
बैठक में जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एचएसवीपी के सीईओ वकील अहमद, डीएमसी कपिल, डीआरओ चंद्रमोहन, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सोमवीर सिंह, एक्सईएन वरुण कंसल, सुरेंद्र सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन सतपाल, निकाय विभाग के एक्सईएन सुशील कुमार, डीआईओ दीपक खुराना और डीआईपीआरओ नसीब सैनी उपस्थित रहे।
अधिकारी फील्ड स्टाफ से जानकारी लेने के साथ-साथ स्वयं भी सड़कों का निरीक्षण करें। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता सहन नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्माण सामग्री पर विशेष ध्यान देना होगा ताकि नई सड़क जल्दी खराब न हो और आमजन को परेशानी न हो। - प्रीति, उपायुक्त