कैथल। एडीसी डाॅ. सुशील कुमार ने बताया कि आगामी 13 सितंबर को जींद रोड स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए पात्र व्यक्तियों का निर्धारित एसओपी के अनुसार चयन किया जाएगा और उन्हें योजनाओं को लाभ प्रदान किया जाएगा। एडीसी ने बताया कि इस अंत्योदय मेले में हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़े वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, हरियाणा कौशल विकास निगम, रोजगार विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, उद्योग और वाणिज्य विभाग शामिल रहेंगे।