संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बोर्ड परीक्षाओं के तहत सोमवार को विभिन्न विषयों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुईं। इनमें रसायन विज्ञान, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, और अकाउंट्स के पेपर शामिल रहे। विद्यार्थियों ने बताया कि रसायन विज्ञान के कई प्रश्नों ने उन्हें परेशान किया।
परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थियों के अनुसार रसायन विज्ञान का प्रश्न पत्र अपेक्षाकृत कठिन रहा। कई छात्रों ने बताया कि पेपर उम्मीद से थोड़ा कठिन था और इसमें लंबे प्रश्नों की संख्या अधिक थी। खासकर वर्णनात्मक प्रश्नों को हल करने में उन्हें अधिक समय लग गया। छात्र अनिल ने बताया कि पेपर का स्तर सामान्य से थोड़ा कठिन था। प्रश्न पत्र में कई सवाल लंबे थे, जिन्हें हल करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। हालांकि जिन विद्यार्थियों ने अच्छी तैयारी की थी, उनके लिए पेपर हल करना संभव था।
वहीं छात्र माधव ने बताया कि ऑब्जेक्टिव और छोटे प्रश्न अपेक्षाकृत आसान थे, लेकिन लंबे सवालों ने थोड़ी परेशानी पैदा की। उनके अनुसार परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती रहा। जिले के कुल 74 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। परीक्षा के दौरान प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा शिक्षा विभाग की ओर से गठित उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
किच्छाना के विद्यालयों का निरीक्षण : खंड शिक्षा अधिकारी राजौंद संदीप नैन ने सोमवार को राजकीय उच्च विद्यालय किच्छाना तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला किच्छाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में चल रही शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के समय विद्यालय के मुख्याध्यापक व स्टाफ ने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर लैब, खेल क्लबों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गईं।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और नैतिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और पढ़ाई के माहौल की सराहना भी की। खंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के हेडमास्टर सतीश गिल तथा समस्त स्टाफ को बधाई दी।