संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत में केमिस्ट अमित गुप्ता पर एक महिला सहित तीन लोगों के लाठियों से हमला कर 85 हजार रुपये की लूट किए जाने की घटना पर केमिस्ट समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। इसके विरोध में शनिवार को केमिस्ट एसोसिएशन की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के अनेक केमिस्ट संचालक और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता संगठन प्रधान आनंद शर्मा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि वारदात पर पुलिस की लापरवाही की निंदा की। कहा कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक हमलावरों को गिरफ्तार करने या किसी ठोस नतीजे तक पहुंचने में विफल रही है। इससे केमिस्ट संचालकों में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं आम नागरिकों में भी असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो संगठन को मजबूरन आंदोलनात्मक कदम उठाने पड़ेंगे।
आनंद शर्मा ने कहा कि कलायत क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी, लूट और हमले जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे अब दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस जांच अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। इसका सीधा असर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर पड़ रहा है।
व्यापारी असुरक्षित तो आमजन कैसे सुरक्षित
बैठक में मौजूद अन्य केमिस्ट संचालकों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यदि व्यापारी वर्ग ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना भी मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि जल्द ही घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो केमिस्ट एसोसिएशन धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपने या बाजार बंद जैसे कदम उठाने पर भी विचार करेगा। बैठक के अंत में एसोसिएशन ने पीड़ित केमिस्ट अमित गुप्ता के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।