गुहला-चीका। चीका पंचायत कार्यालय को 32 नए ग्राम सचिव मिले हैं, जिनमें से 29 ग्राम सचिवों ने शुक्रवार को ज्वाइन कर लिया है। खंड गुहला की पंचायतों के लिए इतनी बड़ी संख्या में एक साथ ग्राम सचिव मिलने से ग्राम पंचायतों का काम सुचारु रूप से हो सकेगा।
बता दें कि गुहला चीका खंड में कुल 66 पंचायतें हैं। पिछले लंबे समय से सभी 66 पंचायतों का कार्य मात्र 13 ग्राम सचिवों के जिम्मे था। एक एक ग्राम सचिव पर कई कई पंचायतों का कार्यभार होने से काम सुचारु रूप से नहीं हो पाते थे जिससे गांवों के विकास के कार्य भी बाधित हो रहे थे। इस संबंध में अमर उजाला में छह नवंबर को समाचार प्रकाशित किया गया था। उसके प्रभाव के चलते ग्राम सचिवों को नियुक्ति दी गई है।
चीका कार्यालय को बड़ी संख्या में ग्राम सचिव मिलने पर गुहला सरपंच एसोसिएशन के प्रधान व गांव अगौंध के सरपंच गुरताज सिंह, सरपंच कुलदीप सिंह हंसू माजरा, कर्मजीत सिंह भाटियां, हरदीप सिंह खराल ने आभार जताया है। सरपंचों ने सरकार से मांग की है कि नए आए ग्राम सचिवों को जल्द से जल्द पंचायतों का कार्यभार दिया जाए। सरपंचों ने उनके अधिकारों में की गई कटौती पर भी सरकार के प्रति रोष जताया है। सरपंच कुलदीप सिंह हंसू माजरा, सरपंच प्रतिनिधि कर्मजीत सिंह भाटिया ने बताया कि सरकार ने सरपंचों के बहुत सारे काम जिला परिषद के अधीन दे दिए है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के सदस्यों को गांवों के विकास से कोई मतलब नहीं और ना ही वे कभी किसी गांव में आकर देखते हैं। सरपंचों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द ग्राम पंचायतों को उनके पूर्ण अधिकार प्रदान करे और पंचायतों के खाते में ग्रांट जारी करे ताकि गांवों का विकास करवाया जा सके और सरकार का सबका साथ सबका विकास का नारा साकार हो सके।
चीका पंचायत कार्यालय को 32 नए ग्राम सचिव मिले हैं, जिनमें से आज 29 ने ज्वाइन कर लिया है। कार्यालय में बड़ी संख्या में ग्राम सचिव आने से पहले से तैनात ग्राम सचिवों पर से काम का बोझ कम होगा और पंचायतों के काम सुचारु रूप से हो सकेंगे।
शुभम कुमार, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी चीका।