कैथल। शहर में सामूहिक रूप से ऋण दिलाने के नाम पर समूह के तीन सदस्यों से एक लाख 20 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में सिविल लाइन थाना में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपियों ने ग्राहकों को दिए ऋण की राशि खुद निकलवाकर हड़प ली। सिरटा रोड गली नंबर चार कैथल निवासी प्रीति ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि उसने, भबलेश और सरोज के साथ मिलकर करनाल रोड स्थित पिंक केयर एयू स्माल फाइनेंस बैंक से एक लाख 20 हजार रुपये का लोन लिया था।
सामूहिक रूप से लिए गए ऋण राशि 40 हजार रुपये उसके खाते में आई थी, जिसे किस्तों में अदा करना था। इसकी 24 किस्तें 2210 रुपये की बनी थी। ऋण देते समय आरोपी रजनीश, रवि, विजय, ब्रह्म और योगेश ने उसे कोई पासबुक नहीं दी। सिर्फ एक एटीएम कार्ड दे दिया। बाद में आरोपी रवि अन्य लोगों से मिलकर उसका एटीएम कार्ड ले गया और उसकी मदद से उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए और खुद हड़प गए।
दो दिन बाद उसका एटीएम कार्ड वापस दिया। जब वह कंपनी में कर्मचारियों के पास गई तो कर्मचारी उसको गुमराह करते रहे। वह एक महीने से चक्कर काट रही है। इसी प्रकार आरोपियों ने सरोज काे नकली एटीएम कार्ड दे दिया। ऐसा करके आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। यह जानकारी सिविल लाइन थाना प्रभारी शिवकुमार ने दी।