संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाटिया गांव निवासी एक युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर दो आरोपियों ने 14 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी प्रगट सिंह ने गुहला थाना में शिकायत दी कि उसका भाई तरलोक सिंह अमेरिका में जाकर काम करना चाहता था। इसके चलते उसने गांव गढ़ी लागरी जिला कुरुक्षेत्र निवासी जितेंद्र सिंह से बात की। आरोपी कहने लगा कि उसका साला गुरप्रीत सिंह युवाओं को विदेश भेजने का काम करता है। दोनों ने उसे गुहला के एक होटल में बुला लिया। वहां बातचीत में उन्होंने उसके भाई को अमेरिका भेजने के नाम पर 40 लाख रुपये मांगे।
गुरप्रीत सिंह ने उसके भाई का पासपोर्ट व अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए और दो लाख रुपये भी लिए। एक महीना इंतजार के बाद भी जब आरोपी का कोई फोन नहीं आया तो उसने पैसे व पासपोर्ट वापस मांगे। इस पर दोनों आरोपियों ने उसके भाई तरलोक सिंह को दुबई भेजने के लिए कहा और तीन अक्तूबर 2022 को अमृतसर से दुबई टूरिस्ट वीजा करवाकर भेज दिया। उन्होंने तरलोक सिंह को दुबई के होटल में तीन दिनों तक ठहरने को कहा। जब उसके भाई ने आगे अमेरिका भेजने के बारे में पूछा तो आरोपियों ने कहा कि गुरप्रीत सिंह के खाते में 38 लाख रुपये और डलवाने होंगे। उसने आरोपियों के खाते में आठ लाख रुपये डलवा दिए व बाकी राशि अमेरिका पहुंचने पर देने के लिए कहा। फिर उन्होंने उसके भाई की दुबई से अजरबेजान भेज दिया। वहां पर उसके भाई को बहुत परेशानी होने लगी और एक वक्त की रोटी तक खाने की मुश्किल हो गई। गुरप्रीत सिंह व जितेंद्र ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया।
पीडि़त के मुताबिक, अजरबेजान की सरकार ने उसके भाई को जुर्माना लगा दिया। उसे जुर्माना भरकर 31 दिसंबर को वापस अपने देश भारत आना पड़ा। यहां आकर उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ऐसा करके आरोपियों ने उनसे 14 लाख रुपये ठग लिए। थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भमोरा। फाईल फोटो अंजली- फोटो : mathura