संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में विश्व हृदय दिवस पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें चिकित्सकों ने हृदय रोग से बचने के लिए जागरूक बनने के साथ जीवन शैली में बदलाव का आह्वान किया। कार्यक्रम के तहत 70 से ज्यादा मरीजों ने हृदय और छाती से संबंधित रोगों की जांच करवाई। इसके बाद उन्हें दवा दी गई।
कार्यक्रम में जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कलसन व एसएमओ सचिन मांडले ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एएसएमओ डॉ. राजीव मित्तल ने शिविर में पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि दिल की बीमारियों से बचने के हमें जागरूक होना बेहद जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए जीवन शैेली को सही ढंग से रखना चाहिए। खानपान का भी ध्यान रखने की उन्होंने सलाह दी।
हृदय रोग से 60 प्रतिशत से अधिक होती हैं मौतें ः डॉ ललित
जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित कलसन ने कहा कि हृदय रोग होने से इस समय देश में 60 प्रतिशत से अधिक मौतें होती हैं। इन आंकड़ों को कम करने के लिए हमें स्वयं ही आगे आना होगा। इससे हम केवल अपने अंदर जागरूकता लाकर ही आ सकते हैं। कलसन ने कहा कि इस समय अधिकतर युवा ही हुक्का और धूम्रपान करने के कारण हृदय से संबंधित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। हमें यह प्रयास करना चाहिए कि इन युवाओं को इससे बचाया जा सके।
नियमित रूप से करें सैर ः डॉ. राजीव
एएसएमओ डॉ. राजीव मित्तल ने कहा कि हृदय रोग से बचने के लिए हमें अपनी जीवन शैली में बदलाव जरूर लाना होगा। क्योंकि यदि हम अपनी अनियमित जीवन शैली में यह बदलाव लाएंगे तो इन बीमारियों से बच पाएंगे। मित्तल ने कहा कि हमें एक तो प्रतिदिन नियमित रूप से सैर करनी चाहिए। इसके साथ ही अपने खान-पान में भी सतर्कता भी बरतनी होनी। हमें अपने खाने में अधिक तली हुई फास्ट फूड आदि चीजों से परहेज करना चाहिए। ऐसा करने से हम दिल की बीमारियों बच सकते हैं।
हृदय सबसे महत्वपूर्ण ः डॉ. सचिन
एसएमओ डॉ. सचिन मांडले ने बताया कि हर वर्ष की 29 सितंबर को पूरे विश्व में विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है। मांडले ने कहा कि हमारे शरीर में वैसे तो कई प्रकार के अंग है। इसमें हृदय सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसका स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है।
धड़कनों से ही चलता शरीर ः सुमन
नर्सिंग ऑफिसर सुमन ने कहा कि वैसे तो हमें अपने शरीर का पूरा ख्याल रखना चाहिए। दिल की धड़कनें चलती रहें तो हमारा पूरा शरीर ठीक रहता है। यदि दिल की ही धड़कनें बंद हो गई तो हमारी जान ही चली जाती है। सुमन ने कहा कि हमें शरीर का ध्यान रखना चाहिए।