संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल से पलवल के लिए बस सेवा एक बार फिर शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से इस रूट पर बस सेवा बंद होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब परिवहन विभाग के इस फैसले से यात्रियों में खुशी का माहौल है।
यह बस सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी, जिन्हें दोपहर के समय कैथल से दिल्ली होते हुए पलवल जाना होता है। अब यात्रियों को बार-बार बस बदलने की समस्या से राहत मिलेगी और वे सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यह बस कैथल से चलकर पूंडरी, करनाल, पानीपत, बहालगढ़, सराय काले खां और फरीदाबाद होते हुए पलवल तक जाएगी। इस रूट पर बस सेवा शुरू होने से बीच के सभी शहरों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।
संस्थान प्रबंधक निरंजन ने बताया कि बस प्रतिदिन कैथल बस स्टैंड से दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी। उन्होंने कहा कि समय का निर्धारण यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि दिन के समय सफर करने वाले लोग आसानी से इस सेवा का लाभ उठा सकें।
यात्री सुरेश, नरेश और दीपक ने बताया कि पहले उन्हें कैथल से दिल्ली और फिर दिल्ली से पलवल के लिए अलग-अलग बसें लेनी पड़ती थीं, जिससे सफर लंबा और थकाऊ हो जाता था। अब सीधी बस सेवा मिलने से समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
कोरोना काल में बंद हुई थी बस सेवा
कोरोना काल के दौरान यह बस सेवा बंद कर दी गई थी, जिसके बाद यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को निजी वाहनों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होते थे। इस रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। खासकर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह सेवा बेहद महत्वपूर्ण है।