संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविंद्र बलियाला व सदस्य रवि तारांवाली मंगलवार को बरटा गांव पहुंचे। वहां पर गत दिनों हुए दो किशोरों की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार के सदस्यों से उन्होंने मुलाकात की। साथ ही इस मामले में अब तक पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
परिजनों ने पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई पर पूरी तरह से संतुष्टि जताई। इस पर आयोग ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। आयोग ने परिजनों को घटना पर सांत्वना भी दी।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में मीडिया से बातचीत में आयोग चेयरमैन रविंद्र बलियाला ने कहा कि बरटा में एक दुखद घटना हुई है। इसमें दो नाबालिगों की हत्या हुई थी। इस मामले में आयोग ने संज्ञान लेते हुए मंगलवार को गांव में जाकर परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही उनसे उनकी समस्याएं जानीं।
आयोग को परिजनों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां की हैं। साथ ही जिला प्रशासन ने पीड़ित परिजनों को समय पर सांत्वना राशि मुहैया करवाई है। इसके अलावा भी पुलिस-प्रशासन ने इस घटना में हर तरह से सहयोग किया है। इस कारण परिजन पुलिस व सिविल प्रशासन की अब तक की कार्रवाई से पूरी तरह से संतुष्ट नजर आए।
परिजनों को आयोग ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इसके साथ-साथ पुलिस को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में भी गांव में पीडि़त पक्ष को यदि कोई परेशानी आती है तो उनकी तुरंत सुनवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जहां-जहां भी अनुसूचित जाति से संबंधित लोगों पर अत्याचार की बात सामने आती है, वहां हरियाणा सरकार द्वारा समय पर कार्रवाई की जा रही है। आयोग समय-समय पर संज्ञान लेकर घटनाओं की जानकारी लेता है। हरियाणा में इस मामले में संतोषजनक जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को आयोग के पास अपनी शिकायत देनी है तो वह पंचकूला स्थित मुख्यालय में अपनी शिकायत दे सकता है। आयोग के सदस्य रवि तारांवाली ने कहा कि हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति कल्याण के मामले में पूरी तरह से संवेदनशील है। इसी कारण पुलिस-प्रशासन द्वारा समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी सीमा ने विभाग की ओर से सांत्वना राशि देने के साथ-साथ अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।