संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जाने वाली सीईटी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार सरकार ने परीक्षार्थियों को राहत देते हुए हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है, लेकिन इसके लिए ऑनलाइन सीट बुकिंग अनिवार्य की गई है।
परीक्षार्थी अपने नजदीकी बस अड्डे से परीक्षा केंद्र तक और वापस उसी अड्डे तक पहुंचने के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें हरियाणा परिवहन विभाग की वेबसाइट या निर्धारित पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन सीट बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद मिलने वाली स्लिप को यात्रा के दौरान दिखाना अनिवार्य होगा।
राज्यभर में 9200 बसें रहेंगी तैनात
परिवहन विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था के तहत पूरे हरियाणा में लगभग 9200 रोडवेज बसें परीक्षार्थियों की सेवा में लगाई जाएंगी। कैथल डिपो से भी दर्जनों बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी, ताकि प्रत्येक परीक्षार्थी समय पर और सुरक्षित अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सके।
महिला अभ्यर्थियों को अतिरिक्त राहत ः सरकार ने महिला परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा की भी घोषणा की है। यदि कोई छात्रा अकेले यात्रा नहीं करना चाहती, तो एक सहायक यात्री को भी मुफ्त यात्रा की अनुमति दी गई है। यह सुविधा महिला सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से एक सराहनीय कदम है।
परीक्षा केंद्रों की सूची अभी लंबित ः हालांकि, परीक्षा केंद्रों की सूची फिलहाल जारी नहीं की गई है, जिससे परीक्षार्थियों में थोड़ी असमंजस की स्थिति है। आयोग के अनुसार, एडमिट कार्ड के साथ परीक्षा केंद्रों की जानकारी जल्द ही अपलोड की जाएगी।
स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को निर्देश ः जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से आग्रह किया है कि वे छात्रों को इस सुविधा की जानकारी दें और ऑनलाइन बुकिंग में उनकी मदद करें।
कंट्रोल रूम की स्थापना
यातायात प्रभारी विरेंद्र स्वामी ने जानकारी दी कि सीईटी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से रूट, समय और बुकिंग संबंधी जानकारी तुरंत दी जाएगी। जिले से हजारों परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परिवहन विभाग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते हरियाणा रोडवेज की वेबसाइट पर सीट बुक करें, और परीक्षा वाले दिन बुकिंग स्लिप अवश्य साथ रखें। साथ ही उन्होंने अपील की कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।