संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से बुधवार को 13 दिवसीय गैर आवासीय नकली आभूषण बनाने के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके नंदा एवं अनिल रहेजा ने संस्थान में शिरकत की और प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार करने के लिए मार्गदर्शन किया। इस दौरान निदेशक धर्मेंद्र कथूरिया ने संस्थान में पहुंचने पर मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक एसके नंदा व मुख्य शाखा कैथल के मुख्य प्रबंधक अनिल रहेजा का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान की तरफ से जिले के सभी बेरोजगार युवक,युवतियों के लिए जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष है, वे सभी को अपनी इच्छा के अनुसार स्व-रोजगार शुरू करने के लिए लगभग 64 तरह के अलग-अलग प्रशिक्षण मुहैया करवाए जाते है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण बिल्कुल नि:शुल्क दिए जाते है। इसके साथ ही सभी को दोपहर का खाने पीने और ड्रेस भी संस्थान की तरफ से नि:शुल्क दी जाती है।
उन्होंने बताया कि बैंक से ऋण दिलवाने में सभी को संस्थान से मदद की जाती है। इस दौरान संस्थान की संकाय पुष्पा देवी ने बताया कि संस्थान में बीसी एजेंट, ब्यूटी पार्लर, महिला सिलाई और इलेक्ट्रिक मोटर रिवाइंडिंग एवं मरम्मत सेवाओं के प्रशिक्षण बहुत जल्द शुरू करवाएं जाएंगे।