कैथल। मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक गांव निवासी महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव के ही बिंद्र, मंगत व प्रकाश के साथ उनके परिवार का आपसी रिश्ता है। दो माह पूर्व उनके परिवार के मन-मुटाव के कारण संबंध खत्म हो गए थे। तय हुआ था कि कोई भी एक-दूसरे के घर आना-जाना नहीं रखेगा।
आरोप लगाते हुए कहा कि इसके बाद दो सितंबर को उपरोक्त आरोपी उनके घर के पास बने पितरों के स्थान पर आकर जादू टोना करने की कोशिश में थे। उसने आरोपियों को घर में प्रवेश करने से मना कर दिया। ऐसा कहने पर आरोपी भडक़ गए और उसे अपशब्द कहने लगे।
बाद में आरोपी उसे धमकी देकर वहां से चले गए। तीन सितंबर को आरोपी फिर उनके घर में आ गए और उन पर डंडे, गंडासी व लाठियों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पति को गोली मारने की धमकी भी दी है।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। संवाद