पुलिस ने जनस्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। सदर थाना में दी शिकायत में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सतपाल रोज ने बताया कि 26 मई को मानस निवासी राम नारायण ने कार्यालय में शिकायत दी थी कि उसके घर पर पानी का कोई कनेक्शन नहीं है। इसकी जांच के लिए कर्मचारी कर्मचंद व अन्य विभागीय कर्मचारियों को मौका का मुआयना करने के लिए भेजा गया। इस दौरान आरोपी के घर में कनेक्शन पाया गया। कर्मचारियों के साथ आरोपी ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी दी व पाइप से कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और कार्य नहीं करने दिया। पुलिस ने मानस निवासी राम नारायण के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।