चीका के एक पूर्व पार्षद द्वारा चीका नगरपालिका सचिव को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पूर्व पार्षद चांद राम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि इससे पहले भी पूर्व एसएचओ जयवीर शर्मा की गिरफ्तारी के मामले में आरोपी विवादों में रहा था। आरोपी ने ही एसएचओ की शिकायत की थी। अब उसी की धौंस दिखाकर वह सचिव से पैसे मांगने व छोटे बेटे को नौकरी लगवाने की धमकी दे रहा है।
यह था मामला
पुलिस को मिली सचिव धर्मबीर की शिकायत के अनुसार दो दिसंबर को नगरपालिका चीका के पूर्व पार्षद चांद राम सचिव के कार्यालय में आया। आरोपी चांद राम ने कार्यालय में आते ही सचिव से कहा कि उसको रंगे हाथ गिरफ्तार करवाने के लिए पार्षद तरसेम ने उसे पांच लाख रुपये का ऑफर किया हुआ है, जिसमें से तरसेम ने दो लाख रुपये पहले दे रखे हैं, लेकिन उसने अभी तक सचिव के हाथ लाल नहीं करवाए हैं। अब तरसेम सिंह सचिव की गिरफ्तार नहीं होने के चलते उसके पैसे ब्याज सहित वापस मांग रहा है। इसके बाद आरोपी चांद ने धमकी दी कि उसके कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मामराज से उसने क्लर्क की नौकरी पक्की करवाने के लिए दो लाख रुपये लिए थे, लेकिन वह उसे पक्का नहीं करवा पाया है। क्लर्क ने उसके ऊपर मामला दर्ज करवा रखा है। इसकी गुहला न्यायालय में सात दिसंबर को पेशी है और जज साहब बहुत सख्त हैं। इस पेशी पर उसको सजा हो सकती है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने मांग की है कि वह दो लाख रुपये उसके क्लर्क को दे दे। साथ ही आरोपी के छोटे बेटे को नगरपालिका में नौकरी पर लगवा दे। जल्द ही ऐसा नहीं किया तो वह लाल हाथ करवा देगा। विजिलेंस से उसके अच्छे संबंध है। विजिलेंस ने उसको सम्मानित किया है। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि उसने चीका के एसएचओ जयवीर शर्मा को भी केवल हाथ मिलाकर लाल हाथ करवा दिए थे और आपके कार्यालय के दरवाजे का हैंडल, कुर्सी के हैंडल व किसी पत्र पर पाउडर लगाकर लाल हाथ करवा देगा। चीका के एसएचओ बलदेव ने बताया कि धारा 389 के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।